31 जुलाई को रिलीज होगी द बोस फाइल्स
कोलकाता। लगभग 24 वर्षों के गहन शोध और अन्वेषण के बाद निर्देशक राजेश गुप्ता अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म द बोस फाइल्स लेकर दर्शकों के सामने आ रहे हैं। नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन और उनसे जुड़े ऐतिहासिक पहलुओं पर आधारित यह फिल्म 31 जुलाई 2026 से देशभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।
सोमवार को कोलकाता प्रेस क्लब में फिल्म के प्रमोशनल इवेंट का आयोजन किया गया, जिसमें निर्देशक राजेश गुप्ता के साथ अभिनेता यतिन कार्येकर, निर्देशक राजेश गुप्ता सहित कई लोग उपस्थित रहे l
निर्देशक राजेश गुप्ता ने कहा कि इस फिल्म में ऐसे कई तथ्य और घटनाएं प्रस्तुत की गई हैं, जो उनके अनुसार यह दर्शाती हैं कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस को इतिहास में वह स्थान नहीं मिला जिसके वे वास्तविक हकदार थे।
उन्होंने दावा किया कि उनके पास 700 से अधिक ऐसे दस्तावेज और प्रमाण हैं, जो उनके शोध का आधार हैं।
उन्होंने कहा, “यह पूरी दुनिया मानती है कि अंग्रेज भारत छोड़कर जाने के पीछे नेताजी की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण थी। फिल्म देखने के बाद दर्शकों का नजरिया बदलेगा और वे सोचने पर मजबूर होंगे कि इतिहास के कई पहलुओं को आखिर क्यों छिपाया गया।”
फिल्म में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की भूमिका निभाने वाले अभिनेता यतिन यतिन कार्येकर ने कहा कि उनके लिए हर किरदार एक जीवित व्यक्तित्व होता है। उन्होंने कहा, “मेरा प्रयास हमेशा यही रहता है कि मैं अपने किरदार के प्रति पूरी तरह समर्पित हो जाऊं।”
उन्होंने फिल्म के एक भावनात्मक दृश्य का उल्लेख करते हुए कहा, “एक दृश्य ऐसा था जिसे मैंने बिना किसी रिहर्सल और बिना रीटेक के पूरा किया। उस पल मुझे ऐसा महसूस हुआ मानो नेताजी स्वयं मेरे भीतर समा गए हों।”
