बैरकपुर कैंटोनमेंट बोर्ड के सौन्दर्यकरण अभियान में शामिल हुआ असेम्बली ऑफ क्राइस्ट स्कूल

0
Spread the love

कोलकाता : बैरकपुर कैंटोनमेंट बोर्ड के इलाकों का सौन्दर्यकरण लगातार जारी है। इसी कड़ी में अब असेम्बली ऑफ क्राइस्ट स्कूल भी इस अभियान से जुड़ गया है। बैरकपुर स्थित असेम्बली ऑफ क्राइस्ट स्कूल के ठीक सामने एक ट्रैफिक आइलैंड का सौन्दर्यकरण किया गया, जिसका उद्घाटन बृहस्पतिवार को बैरकपुर कैंटोनमेंट बोर्ड की सीईओ ज्योति कपूर ने किया। इस दौरान स्कूल की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया। स्कूल के बच्चों ने संगीत की मधुर धुनों से समारोह को खास बना दिया। अंत में राष्ट्रीय गान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

मौके पर ज्योति कपूर ने कहा, “मेरे कार्यकाल में मैंने बैरकपुर कंटोनमेंट बोर्ड के कई प्रोजेक्ट्स को अंजाम दिया है। इसके तहत समुदाय को जोड़ने की कोशिश की गई है। बैरकपुर सिर्फ एक जगह नहीं, बल्कि यहां के लोग इसकी असली गरिमा हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “आज जिस ट्रैफिक आइलैंड का उद्घाटन हुआ, यह सातवां आइलैंड है। इसकी शुरुआत फेरी चौक से हुई थी। इसके लिए मैं अपनी टीम और असेम्बली ऑफ क्राइस्ट स्कूल की शुक्रगुजार हूं।”

वहीं असेम्बली ऑफ क्राइस्ट स्कूल के रेक्टर रेवेरेंट कोराती पॉल विक्टर ने कहा, “हमारी शुरुआत एक अनाथालय से हुई थी, जहां 250 से ज्यादा बच्चों की देखभाल की जाती थी। उनकी पढ़ाई, खान-पान और रहने की व्यवस्था की जाती थी। हालांकि बाद में किसी कारणवश उसे बंद करना पड़ा और आगे चलकर यह स्कूल बना। लेकिन आज भी हम महीने में 2 से 3 बार सैकड़ों गरीब लोगों तक मदद पहुंचाते हैं।”

उन्होंने कहा, “हमारा स्कूल बैरकपुर कंटोनमेंट बोर्ड के अंतर्गत आता है, जहां सुकून और हरियाली का माहौल है। जब हमने देखा कि बैरकपुर कंटोनमेंट बोर्ड की सीईओ ज्योति कपूर यहां के विकास और सौन्दर्यकरण के लिए लगातार काम कर रही हैं, तो हमने भी इस मुहिम से जुड़ने का फैसला किया।”

इस ट्रैफिक आइलैंड का नाम “द इटरनल लाइट” रखा गया है। इस नाम को लेकर रेवेरेंट कोराती पाल विक्टर ने बताया, “जब मैंने बैरकपुर कंटोनमेंट बोर्ड की सीईओ से इस बारे में पूछा, तो उन्होंने कहा कि भगवान की दी हुई रोशनी अविनाशी होती है। वहीं से यह नाम मेरे मन में आया।”

विक्टर ने आगे कहा, “भगवान की दी हुई रोशनी वास्तव में शाश्वत होती है। भगवान पर भरोसा करने से जीवन का मार्ग प्रशस्त होता है। जैसा कि जीसस ने कहा है — ‘I am the light of the world.’”

इस अवसर पर स्कूल की प्रिंसिपल बर्नेट जॉन, सेक्रेटरी ललिता विक्टर कोराती, निदेशक सैम कोराती, एचआर हेड विन्नी स्टेला कोराती सहित कई लोग मौजूद थे.

Author

Leave a Reply